|
प्रिय मित्र, नमस्कार! 🙏 पिछली चिट्ठी कर्ण पर थी। मैंने पूछा था कि क्या कभी आपको लगा कि किसी ने आपको जाने बिना ही आपके बारे में राय बना ली। जवाब आए। एक पाठक ने लिखा कि कर्ण महाभारत का उनका सबसे प्रिय पात्र है, और साथ में एक पंक्ति जोड़ी जो मेरे मन में ठहर गई। “कौन कब कहाँ कैसे और क्या जन्म लेगा, कोई नहीं जानता।” बात सही है। जन्म हमारे हाथ में नहीं था। पर जीवन में कुछ चीज़ें ऐसी भी हैं जो हम चुनते हैं। किसके साथ खड़े रहना है, किसे याद रखना है, और किसके पास लौटना है। तो इस बार बात उसी लौटने की। 🪔 दीये किस अँधेरे के लिए8 नवंबर को दीपावली है। उत्तर भारत में यह त्योहार उस मौसम में आता है जब दिन छोटे होने लगते हैं। शाम जल्दी ढलती है, अँधेरा जल्दी घिरता है, और उसी घिरते अँधेरे में दीये जलते हैं। तस्वीर पूरी बैठती है। सिडनी में ऐसा नहीं होता। यहाँ नवंबर में वसंत ढल रहा होता है। शाम आठ बजे तक उजाला रहता है। दीये जलाने का समय हो जाता है, पर अँधेरा नहीं होता। पहली बार यह थोड़ा अधूरा लगता है, जैसे कोई चीज़ अपनी जगह पर न हो। फिर धीरे-धीरे मुझे लगने लगा कि शायद यह भी ठीक है। दीये उस जगह भी जलते हैं जहाँ उजाला पहले से मौजूद है। शायद वे किसी और तरह के उजाले की याद दिलाने आते हैं। 🏹 और भरत ने क्या कियारामकथा का जो हिस्सा सबसे ज़्यादा सुनाया जाता है, वह राम का लौटना है। चौदह बरस पूरे हुए, अयोध्या सज गई, घर-घर दीये जले। पर मुझे उस कथा का एक दूसरा हिस्सा ज़्यादा छूता है। चौदह बरस भरत ने क्या किया? रामकथा की परंपरा में कहा जाता है कि भरत ने राजगद्दी पर राम की खड़ाऊँ रख दी और खुद नगर के बाहर नंदिग्राम में रहने चले गए। राज्य का काम उन्होंने सँभाला, पर राम के प्रतिनिधि की तरह। महल का सुख उन्होंने नहीं लिया। कहा जाता है कि वे भी वल्कल पहनकर, तपस्वी की तरह ही रहे। यानी काम उन्होंने पूरा किया, और जगह उन्होंने नहीं ली। सोचिए, चौदह बरस कितना लंबा समय होता है। इतने बरस किसी की राह देखना, यह पक्का जाने बिना भी कि वह लौटेगा या नहीं। इसलिए अयोध्या के वे दीये सिर्फ़ स्वागत के दीये नहीं थे। वे उस प्रतीक्षा का उत्सव भी थे, जो चौदह बरस बनी रही। और शायद घर की सबसे सही पहचान यही है। घर वह जगह नहीं है जहाँ से हम चले थे। घर वह जगह है जहाँ किसी ने हमारी जगह खाली रख छोड़ी है। राम के जीवन से जुड़ी ऐसी ही कुछ बातें हमने पहले लिखी थीं, अगर पढ़ना चाहें: 👉 क्या सीख मिलती है हमें भगवान श्री राम के जीवन से? 🌏 जो इस बार नहीं लौट पाएँगेइस पत्र को पढ़ने वाले बहुत से लोग आज उस शहर में नहीं हैं जहाँ वे बड़े हुए थे। किसी को छुट्टी नहीं मिली, किसी के लिए टिकट बहुत महँगा है, किसी का काम बीच में नहीं छूट सकता। किसी की दीपावली इस बार वीडियो कॉल पर होगी। स्क्रीन पर घर का दीया दिखेगा, आवाज़ ज़रा देर से पहुँचेगी, और बीच में एक बार नेटवर्क अटक जाएगा। किसी के लिए यह त्योहार काम के बीच निकले कुछ मिनटों का होगा। ऐसे में भरत वाली बात फिर काम आती है। भरत कहीं गए नहीं थे। वे अयोध्या के पास ही थे, और फिर भी चौदह बरस उन्होंने इंतज़ार में बिताए। मतलब, लौटना हमेशा किसी जगह पर लौटना नहीं होता। कभी-कभी लौटना बस इतना होता है कि आप किसी को याद रखें, और कोई आपको। इस दीपावली किसी ऐसे इंसान को फ़ोन कर दीजिए जिससे बहुत दिनों से बात नहीं हुई। वह भी एक लौटना है। 📖 छोटी-सी सूचना, ज़्यादा बात नहींहमारी छोटी किताब “थोड़ा पंचतंत्र, थोड़े कबीर” तैयार है। इसमें पंचतंत्र की दस कहानियाँ चित्रों के साथ हैं, और कबीर के बीस दोहे अर्थ सहित। यह सामग्री हमारी वेबसाइट पर भी मुफ़्त है, कबीर के दोहे वहाँ पूरे संग्रह में पढ़े जा सकते हैं। किताब का फ़ायदा बस इतना है कि सब एक जगह है। फ़ोन पर भी पढ़ लीजिए, और चाहें तो प्रिंट कर लीजिए। आपके लिए यह मुफ़्त है, कोई शर्त नहीं। ✍️ इस हफ़्ते आपसेआपके लिए “घर लौटना” किस चीज़ का नाम है? कोई जगह, कोई इंसान, कोई आवाज़, या रसोई से आती कोई खुशबू? जो सबसे पहले मन में आया, वही लिख भेजिए। इस email का reply कर दीजिए। आप सबको और आपके घर को दीपावली की बहुत शुभकामनाएँ। स्नेह सहित, निशीथ रंजन हिंदी साहित्य दर्पण “साहित्य की सबसे बड़ी शक्ति यही है कि वह हमें दूसरों की कहानी पढ़ाते-पढ़ाते, हमारी अपनी कहानी समझा देता है।” |
I’ve always been curious about the ideas that shape the way we think, live, work, and grow. Through this newsletter, I want to explore timeless wisdom, philosophy, personal growth, leadership, and the quiet lessons we often find in everyday life.Each edition brings together insights from great thinkers, fresh perspectives, and observations from the world around us. The aim isn’t simply to share ideas, but to look at familiar things a little differently, question what we take for granted, and discover something meaningful along the way.My hope is that every edition leaves you with at least one thought that stays with you, one idea that sparks your curiosity, or one small change in perspective that makes a difference in how you see the world.
प्रिय मित्र, नमस्कार! 🙏 पिछले सप्ताह हमने बात की थी उन रिश्तों की, जिन्हें हम खुद चुनते हैं। दोस्तों की, जो धीरे-धीरे परिवार जैसे बन जाते हैं। इस बार उसी दोस्ती से जुड़े एक दूसरे पहलू पर सोचते हैं। क्या किसी अपने के सामने सही बात कहना आसान होता है? हम अक्सर चाहते हैं कि हमारे अपने लोग सही साबित हों। दोस्त की कोई गलती हो, परिवार के किसी सदस्य का गलत फैसला हो, या किसी करीबी की बात से किसी दूसरे को तकलीफ़ पहुँची हो, तो हम कई बार सच देखने से पहले अपने रिश्ते को देख लेते हैं। मन में यही चलता है कि...
प्रिय मित्र, नमस्कार! 🙏 पिछली चिट्ठी में मैंने आपसे पूछा था कि आपके लिए "घर लौटना" किस चीज़ का नाम है। कोई जगह, कोई इंसान, कोई आवाज़। कुछ जवाब आए, और उन्हें पढ़ना अच्छा लगा। धन्यवाद। अब शायद मेरी बारी है। अगर यही सवाल मुझसे पूछा जाए, तो इस बार मेरा जवाब कोई जगह नहीं है। 8 नवंबर की शाम है। 🪔 उस शाम, सिडनी में दीपावली 8 नवंबर को थी। हमने यहाँ सिडनी में मनाई, अपने दोस्तों और परिवार के साथ। परदेस में त्योहार अपने आप नहीं आता। उसे बुलाना पड़ता है। भारत में दीपावली आपके पहुँचने से पहले पहुँच जाती...
प्रिय मित्र, नमस्कार! 🙏 पिछली चिट्ठी में मैंने पूछा था कि रामायण या महाभारत का कौन-सा पात्र आपको सबसे दिलचस्प लगता है, जिसे आम तौर पर खलनायक माना जाता है। आप में से कई लोगों ने जवाब लिखा। शकुनि का नाम आया, दुर्योधन का भी। पर सबसे ज़्यादा बार लौटकर एक ही नाम आया। कर्ण। इन नामों में एक बात साझा है। इनमें से किसी को भी हम पूरी तरह बुरा नहीं कह पाते। और कर्ण को शायद सबसे कम। तो इस बार बात कर्ण की। कर्ण ने यह नहीं चुना था कि वह किसके घर जन्म लेगा, या लोग उसे किस नाम से पुकारेंगे। पर आगे चलकर उसने...