|
प्रिय मित्र, नमस्कार! 🙏 पिछली चिट्ठी में मैंने पूछा था कि रामायण या महाभारत का कौन-सा पात्र आपको सबसे दिलचस्प लगता है, जिसे आम तौर पर खलनायक माना जाता है। आप में से कई लोगों ने जवाब लिखा। शकुनि का नाम आया, दुर्योधन का भी। पर सबसे ज़्यादा बार लौटकर एक ही नाम आया। कर्ण। इन नामों में एक बात साझा है। इनमें से किसी को भी हम पूरी तरह बुरा नहीं कह पाते। और कर्ण को शायद सबसे कम। तो इस बार बात कर्ण की। कर्ण ने यह नहीं चुना था कि वह किसके घर जन्म लेगा, या लोग उसे किस नाम से पुकारेंगे। पर आगे चलकर उसने जो किया, वह उसका अपना था। यहीं से एक सवाल निकलता है। किसी इंसान को समझने के लिए हम क्या देखें? उसकी परिस्थिति, या उसके फैसले? 🏹 जिस नाम से उसे पुकारा गयामहाभारत के अनुसार कर्ण कुंती का पुत्र था, पर पला अधिरथ और राधा के घर, जो सूत परिवार से थे। इसलिए जीवन भर उसे सूतपुत्र कहा गया। सबसे साफ़ तस्वीर उस दिन बनती है जब रंगभूमि में वह अर्जुन से मुक़ाबला माँगता है। सवाल उसकी विद्या पर नहीं उठता। उसने अभी-अभी सबके सामने अपना कौशल दिखाया है। सवाल उसके कुल पर उठता है। पूछा जाता है कि तुम किस वंश से हो, और उसी एक सवाल पर सब रुक जाता है। फिर दुर्योधन उसी जगह, उसी समय, उसे अंगदेश का राजा बना देता है। मुझे लगता है उस दिन कर्ण को राज्य की उतनी ज़रूरत नहीं थी। ज़रूरत इस बात की थी कि कोई उसे उसके काम से देखे, उसके जन्म से नहीं। ⚖️ और फिर, उसके अपने फैसलेपर कहानी यहीं रुक जाए तो अधूरी रहेगी। कर्ण ने आगे जो किया, उसमें कुछ बातें ऐसी हैं जिन पर मन रुकता है। युद्ध से पहले उसे बताया जाता है कि वह असल में कौन है, और पांडवों की तरफ़ आने को कहा जाता है। वह मना कर देता है। जिसने बुरे दिनों में साथ दिया, उसे छोड़कर नहीं जाऊँगा। कुंती से किया वादा भी उसने युद्ध के बीच निभाया। और कुछ बातें ऐसी भी हैं जिन पर मन रुकता है, पर दूसरी वजह से। सभा में जब द्रौपदी का अपमान हो रहा था, कर्ण चुप नहीं था। उसने भी कड़वे शब्द कहे। और विद्या पाने के लिए उसने अपने गुरु से अपनी पहचान छिपाई थी। सबसे कठिन पल आख़िर में आता है। युद्ध के मैदान में उसके रथ का पहिया ज़मीन में धँस जाता है, और वह अर्जुन से कहता है कि युद्ध के नियम का पालन कीजिए। जवाब में उसे याद दिलाया जाता है कि अभिमन्यु के समय और द्रौपदी के समय वे नियम कहाँ थे। उसी एक पल में दोनों बातें साथ खड़ी हैं। उसके लिए दया भी, और उससे सवाल भी। शायद इसीलिए वह इतना दिलचस्प पात्र है। उसे पूरी तरह निर्दोष मान लेना आसान होता, और पूरी तरह दोषी मान लेना भी। महाभारत दोनों नहीं करता। 👉 कर्ण और अर्जुन का संग्राम और कर्ण वध 🌱 और यह बात हमारी भी हैअब महाभारत से थोड़ा बाहर। हम में से किसी ने नहीं चुना कि किस घर में पैदा हों, किस शहर में, किस भाषा में, कितनी सुविधा के बीच। और ये बातें मायने रखती हैं। किसी के लिए रास्ते शुरू से खुले होते हैं, किसी को हर दरवाज़ा खुद खटखटाना पड़ता है। यह कहना ठीक नहीं होगा कि परिस्थिति से कुछ फ़र्क नहीं पड़ता। पड़ता है। पर परिस्थिति पूरी कहानी भी नहीं होती। किसी को समझने के लिए यह देखना ज़रूरी है कि वह कहाँ से चला। और उतना ही ज़रूरी यह देखना है कि उसने रास्ते में क्या-क्या चुना। और यह बात दोनों तरफ़ चलती है। जैसे हम नहीं चाहते कि कोई हमें हमारे जन्म या हमारी शुरुआत से आँक ले, वैसे ही शायद किसी और के साथ भी यह जल्दबाज़ी न करें। ✍️ इस हफ़्ते आपसेक्या कभी आपको लगा कि किसी ने आपको जाने बिना ही आपके बारे में राय बना ली? अगर चाहें, तो अपना अनुभव लिख भेजिए। और अगर न लिखना चाहें, तो भी कोई बात नहीं। कुछ बातें सिर्फ़ सोचने के लिए होती हैं। इस email का reply करके भेज दीजिए। स्नेह सहित, निशीथ रंजन हिंदी साहित्य दर्पण “साहित्य की सबसे बड़ी शक्ति यही है कि वह हमें दूसरों की कहानी पढ़ाते-पढ़ाते, हमारी अपनी कहानी समझा देता है।” |
I’ve always been curious about the ideas that shape the way we think, live, work, and grow. Through this newsletter, I want to explore timeless wisdom, philosophy, personal growth, leadership, and the quiet lessons we often find in everyday life.Each edition brings together insights from great thinkers, fresh perspectives, and observations from the world around us. The aim isn’t simply to share ideas, but to look at familiar things a little differently, question what we take for granted, and discover something meaningful along the way.My hope is that every edition leaves you with at least one thought that stays with you, one idea that sparks your curiosity, or one small change in perspective that makes a difference in how you see the world.
प्रिय मित्र, नमस्कार! 🙏 इस नवरात्रि मैं सिडनी के बॉकहम हिल्स में दुर्गा पंडाल गया था। पूजा हुई, पुष्पांजलि हुई, ढाक बजी, और प्रसाद की वही लंबी क़तार। पर एक चीज़ वहाँ नहीं थी। सिडनी में रावण का पुतला नहीं जलाया जाता। यहाँ इसकी इजाज़त नहीं है। दशहरा और पुतला हमारे मन में साथ-साथ जुड़े हैं, इसलिए पहली बार यह थोड़ा अजीब लगता है। फिर लगता है कि शायद ठीक ही है। क्योंकि पुतला जला देना दशहरे का सबसे आसान हिस्सा है। मुश्किल हिस्सा वह सवाल है, जो आग बुझने के बाद भी खड़ा रहता है। 20 अक्टूबर को दशहरा है।...
प्रिय मित्र, नमस्कार! 🙏 नवरात्रि के दिन हैं। घरों में कलश रखे हैं, कहीं गरबा हो रहा है, कहीं रामलीला की तैयारी चल रही है। इन दिनों एक बात मेरे मन में बार-बार आती है, और आज वही आपसे कहना चाहता हूँ। हमारे यहाँ शक्ति को स्त्री का रूप दिया गया है। यह सिर्फ़ पूजा की बात नहीं है, कल्पना की बात है। जब हमें ताकत की तस्वीर बनानी थी, तो हमने किसे चुना? एक स्त्री को। और यह बात हमारे साहित्य में भी उतनी ही गहरी उतरी है जितनी मंदिर में। 💪 जो पंक्ति सबको याद है एक पंक्ति है, जो शायद आपको भी याद होगी। स्कूल...
प्रिय मित्र, नमस्कार! हम सबके साथ कभी न कभी ऐसा हुआ होगा कि फोन पर कोई तीखा संदेश आया, और उँगलियाँ तुरंत उसका कड़ा जवाब टाइप करने लगीं। उस पल लगता है कि तुरंत पलटकर जवाब न दिया, तो बात अधूरी रह जाएगी। लेकिन अगर किसी वजह से वह जवाब भेजने से रुक जाए—फोन एक तरफ रखकर हम टहलने निकल जाएँ या किसी दूसरे काम में लग जाएँ—तो आधे घंटे बाद वही लिखा हुआ संदेश देखकर अजीब लगता है। लगता है कि अच्छा हुआ, वह उस समय नहीं भेजा गया। थोड़ी देर का वह ठहराव किसी रिश्ते को बिखरने से बचा लेता है। दूसरी तरफ, इसी का एक...