📜 दर्पण पत्र | अंक 013 ~ रावण मूर्ख नहीं था



प्रिय मित्र, नमस्कार! 🙏

इस नवरात्रि मैं सिडनी के बॉकहम हिल्स में दुर्गा पंडाल गया था। पूजा हुई, पुष्पांजलि हुई, ढाक बजी, और प्रसाद की वही लंबी क़तार।

पर एक चीज़ वहाँ नहीं थी।

सिडनी में रावण का पुतला नहीं जलाया जाता। यहाँ इसकी इजाज़त नहीं है।

दशहरा और पुतला हमारे मन में साथ-साथ जुड़े हैं, इसलिए पहली बार यह थोड़ा अजीब लगता है। फिर लगता है कि शायद ठीक ही है।

क्योंकि पुतला जला देना दशहरे का सबसे आसान हिस्सा है। मुश्किल हिस्सा वह सवाल है, जो आग बुझने के बाद भी खड़ा रहता है।

20 अक्टूबर को दशहरा है। और हर साल इसी मौके पर एक बात मन में आती है।

जिस आदमी का पुतला जलाया जाता है, वह मूर्ख नहीं था।


🏹 परंपरा उसके बारे में क्या कहती है

रामकथा की परंपरा में रावण को चारों वेदों और छहों शास्त्रों का ज्ञाता कहा गया है।

वह वीणा बजाता था। लोकपरंपरा में रावणहत्था नाम का वाद्य भी उसी से जोड़ा जाता है। वह शिव का भक्त था, और कथा यह है कि कैलाश के नीचे दबे होने पर उसने शिव तांडव स्तोत्र गाया।

एक प्रचलित व्याख्या यह भी है कि उसके दस सिर इसी ज्ञान के प्रतीक हैं, चार वेद और छह शास्त्र। यह इकलौता अर्थ नहीं है, पर सोचने लायक ज़रूर है।

इन सब मान्यताओं में मुझे सबसे दिलचस्प बात यह लगती है कि हमारी परंपरा ने अपने खलनायक को कमज़ोर नहीं बनाया।

उसे मूर्ख दिखाकर भी कहानी जीती जा सकती थी। पर नहीं दिखाया। उसे विद्वान और बलशाली रहने दिया, और फिर हराया।

शायद इसीलिए यह कहानी इतनी बड़ी है। कोई भी कहानी उतनी ही बड़ी होती है, जितना बड़ा उसका हारने वाला।


🪔 तो चूक कहाँ हुई?

अब असली सवाल। अगर उसे इतना कुछ मालूम था, तो चूक कहाँ हुई?

शायद उसे बहुत कुछ मालूम था, लेकिन अपनी इच्छा और अपने अहंकार पर लगाम लगाना नहीं आया।

ज्ञान और विवेक अलग चीज़ें हैं। ज्ञान बताता है कि क्या संभव है। विवेक बताता है कि क्या करना चाहिए।

विवेक अकेले नहीं आता। उसके लिए अहंकार से एक कदम नीचे उतरना पड़ता है, और किसी की सही बात सुननी पड़ती है।

यह बात सिर्फ़ रावण की नहीं है। हम सब कभी न कभी वहाँ खड़े होते हैं जहाँ पूरी बात मालूम होती है, और फिर भी हम वही कर बैठते हैं जो नहीं करना चाहिए था।

दशहरा शायद यही याद दिलाने का दिन है कि जानना अपने आप में काफ़ी नहीं होता।


👑 एक नाम, जो इसी कहानी से निकलता है

पिछली बार मैंने आपसे पूछा था कि आपकी नज़र में सबसे मज़बूत स्त्री चरित्र कौन-सा है। आज अपना जवाब लिख देता हूँ, और संयोग से वह इसी कहानी से निकलता है।

मंदोदरी।

रावण की पत्नी। उसने बार-बार कहा कि सीता को लौटा दीजिए। रामकथा की परंपरा में यह प्रसंग भी मिलता है कि जब रावण ने सीता पर तलवार उठाई, तो मंदोदरी ने उसका हाथ पकड़ लिया और कहा कि यह पाप है।

यानी समस्या यह नहीं थी कि रावण को समझाने वाला कोई नहीं था। मंदोदरी ने कोशिश की। उसने नहीं सुना।

मंदोदरी की ताकत तलवार चलाने में नहीं थी। सही बात पहचानने में थी, और उसे कहते रहने में, तब भी जब सामने वाला सुनने को तैयार न हो।

और शायद सबसे बड़ी चूक यह नहीं होती कि किसी को सही बात मालूम न हो। चूक यह होती है कि वह सही बात सुनना ही न चाहे।


📱 सूत्रिका, और एक छोटी-सी गुज़ारिश

अब एक अलग बात, जिसके लिए मुझे आपकी मदद चाहिए।

अंक 007 में हमने उन पंक्तियों की बात की थी जो हमें आधी याद रह जाती हैं। उसी ख़याल से मैंने एक छोटा ऐप बनाया है, सूत्रिका। यह आपकी अपनी पंक्तियों की डायरी है। दोहे, श्लोक, कविता की लाइनें, कोई कथन। सब एक जगह, टैग और खोज के साथ।

Google Play का नियम है कि मेरे जैसे नए डेवलपर खाते से ऐप सबके लिए जारी करने से पहले कम से कम 12 लोग 14 दिन तक लगातार बंद परीक्षण (closed testing) में जुड़े रहें। इसलिए 12 से थोड़े ज़्यादा लोग जुड़ें तो अच्छा रहेगा, क्योंकि कुछ लोग बीच में छूट भी जाते हैं।

अगर आपके पास Android फ़ोन है, तो बस तीन छोटे कदम हैं:

  1. इस समूह से जुड़ें: groups.google.com/g/sutrika-users (“Join group” दबाएँ)
  2. फिर टेस्टर बनें: play.google.com/apps/testing/com.nisheeth.quotes (“Become a tester” दबाएँ)
  3. ऐप इंस्टॉल करें: play.google.com/store/apps/details?id=com.nisheeth.quotes​

इसके बाद 14 दिन तक टेस्ट से जुड़े रहिए। ऐप फ़ोन में रहने दीजिए और बीच-बीच में इस्तेमाल करते रहिए।

छोटी-सी बात: तीनों जगह एक ही Gmail इस्तेमाल कीजिए, वरना तीसरा लिंक नहीं खुलेगा। पूरी जानकारी इस पोस्ट में है।

दो बातों पर आपकी राय खास तौर पर चाहिए:

  1. अपनी पंक्तियाँ जोड़ना, उन्हें ढूँढ़ना और पढ़ना कितना आसान लगा?
  2. ऐप में ऐसी कौन-सी सुविधा होनी चाहिए, जिसकी अभी कमी लगी?

जवाब में लिख भेजिए। धन्यवाद!


✍️ इस हफ़्ते आपसे

रामायण या महाभारत का कौन-सा पात्र आपको सबसे दिलचस्प लगता है, जिसे आम तौर पर खलनायक माना जाता है?

रावण, दुर्योधन, शकुनि, या कोई और।

बस नाम लिख दीजिए। चाहें तो एक वाक्य में यह भी कि उसकी कौन-सी बात आपको सोचने पर मजबूर करती है।

इस email का reply करके भेज दीजिए।


स्नेह सहित,

निशीथ रंजन

हिन्दी साहित्य दर्पण

“साहित्य की सबसे बड़ी शक्ति यही है कि वह हमें दूसरों की कहानी पढ़ाते-पढ़ाते, हमारी अपनी कहानी समझा देता है।”

🌐 हिन्दी साहित्य दर्पण​

हिंदी साहित्य दर्पण

I’ve always been curious about the ideas that shape the way we think, live, work, and grow. Through this newsletter, I want to explore timeless wisdom, philosophy, personal growth, leadership, and the quiet lessons we often find in everyday life.Each edition brings together insights from great thinkers, fresh perspectives, and observations from the world around us. The aim isn’t simply to share ideas, but to look at familiar things a little differently, question what we take for granted, and discover something meaningful along the way.My hope is that every edition leaves you with at least one thought that stays with you, one idea that sparks your curiosity, or one small change in perspective that makes a difference in how you see the world.

Read more from हिंदी साहित्य दर्पण

प्रिय मित्र, नमस्कार! 🙏 पिछली चिट्ठी में मैंने पूछा था कि रामायण या महाभारत का कौन-सा पात्र आपको सबसे दिलचस्प लगता है, जिसे आम तौर पर खलनायक माना जाता है। आप में से कई लोगों ने जवाब लिखा। शकुनि का नाम आया, दुर्योधन का भी। पर सबसे ज़्यादा बार लौटकर एक ही नाम आया। कर्ण। इन नामों में एक बात साझा है। इनमें से किसी को भी हम पूरी तरह बुरा नहीं कह पाते। और कर्ण को शायद सबसे कम। तो इस बार बात कर्ण की। कर्ण ने यह नहीं चुना था कि वह किसके घर जन्म लेगा, या लोग उसे किस नाम से पुकारेंगे। पर आगे चलकर उसने...

प्रिय मित्र, नमस्कार! 🙏 नवरात्रि के दिन हैं। घरों में कलश रखे हैं, कहीं गरबा हो रहा है, कहीं रामलीला की तैयारी चल रही है। इन दिनों एक बात मेरे मन में बार-बार आती है, और आज वही आपसे कहना चाहता हूँ। हमारे यहाँ शक्ति को स्त्री का रूप दिया गया है। यह सिर्फ़ पूजा की बात नहीं है, कल्पना की बात है। जब हमें ताकत की तस्वीर बनानी थी, तो हमने किसे चुना? एक स्त्री को। और यह बात हमारे साहित्य में भी उतनी ही गहरी उतरी है जितनी मंदिर में। 💪 जो पंक्ति सबको याद है एक पंक्ति है, जो शायद आपको भी याद होगी। स्कूल...

प्रिय मित्र, नमस्कार! हम सबके साथ कभी न कभी ऐसा हुआ होगा कि फोन पर कोई तीखा संदेश आया, और उँगलियाँ तुरंत उसका कड़ा जवाब टाइप करने लगीं। उस पल लगता है कि तुरंत पलटकर जवाब न दिया, तो बात अधूरी रह जाएगी। लेकिन अगर किसी वजह से वह जवाब भेजने से रुक जाए—फोन एक तरफ रखकर हम टहलने निकल जाएँ या किसी दूसरे काम में लग जाएँ—तो आधे घंटे बाद वही लिखा हुआ संदेश देखकर अजीब लगता है। लगता है कि अच्छा हुआ, वह उस समय नहीं भेजा गया। थोड़ी देर का वह ठहराव किसी रिश्ते को बिखरने से बचा लेता है। दूसरी तरफ, इसी का एक...